देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
26 अगस्त को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
27 अगस्त को भी पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बारिश के दौरान लोगों से नदी-नालों, गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।
