त्योहारी सीजन में खाद्य मिलावट पर जिला प्रशासन का शिकंजा, मिठाई-डेयरी दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों समेत मिठाई, डेयरी, कैंटीन और रेस्टोरेंट में निरीक्षण; खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे

देहरादून, 24 अगस्त 2026। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और मिलावटखोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों में छापेमारी एवं निरीक्षण किया।

बड़े प्रतिष्ठानों में भी हुई जांच

अभियान के दौरान आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स और कालरा स्वीट्स समेत अन्य बड़े खाद्य एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने दुकानों में उपलब्ध मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रखरखाव तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, जिन्हें नियमानुसार जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मिलावट पर नहीं होगा समझौता

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखा जाए। मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता सामने आने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना देने की अपील की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

About The Author