एसआईआर कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता के साथ करें नोटिसों की सुनवाई : डीएम

राजनीतिक दलों से निरंतर समन्वय और बीएलओ के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

देहरादून, 24 अगस्त 2026। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे एसआईआर अभियान के तहत मतदाताओं को जारी नोटिस, उनकी सुनवाई, अनोमलीज और नो-मैपिंग से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठक और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारी सभी संबंधित पक्षों तक समय पर पहुंचनी चाहिए। साथ ही बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

अनोमलीज और नो-मैपिंग पर मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं

डीएम ने स्पष्ट किया कि अनोमलीज अथवा नो-मैपिंग की स्थिति सामने आने पर मतदाताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है। मतदाता आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर अपना पक्ष रख सकते हैं। दस्तावेजों के नियमानुसार परीक्षण और सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया, नोटिस की स्थिति, सुनवाई की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में स्पष्ट एवं सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी मतदाता को अनावश्यक भ्रम या असुविधा न हो।

दावे-आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण

जिलाधिकारी ने दावे और आपत्तियों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। एसआईआर कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर कार्य में प्रशासन एवं निर्वाचन तंत्र का सहयोग करने तथा मतदाताओं को प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित सीपीआई(एम) से अनंत आकाश, कांग्रेस से डॉ. जसविन्दर सिंह, आम आदमी पार्टी से कमल राना और बहुजन समाज पार्टी से सतेन्द्र सिंह मौजूद रहे। जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े।

About The Author