देहरादून। रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में शनिवार को सांसद राज्यसभा डॉ. नरेश बंसल के तत्वावधान में आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ हुआ। खेल, शिक्षा एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. नरेश बंसल ने किया।
उद्घाटन अवसर पर सांसद नरेश बंसल ने प्रतियोगिता का ध्वज फहराया और तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और क्लैप बजाकर रेस को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ कबड्डी में भी भाग लिया।
प्रतियोगिता में चकराता, विकासनगर, सहसपुर, कैंट, मसूरी, राजपुर और रायपुर विधानसभा क्षेत्रों के विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्टू और मुर्गा झपट सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार इन प्रतियोगिताओं में कुल 1372 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इसके अलावा फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, गोलीकंचा और रस्साकशी में सीधी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें करीब 500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सांसद डॉ. नरेश बंसल ने विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि ऐसे आयोजन जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने खेलों को अनुशासन, दृढ़ता, टीम भावना और चरित्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने जैसी पहलों से देश में खेलों को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भी खेलों के समग्र विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. बंसल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सक्रिय युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी जैसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है।
डॉ. बंसल ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में हिस्सा लेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से अधिक खेल भावना और निरंतर प्रयास को महत्व देने की अपील की।
कार्यक्रम में कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर, युवा भाजपा नेता सिद्धार्थ बंसल, जिला क्रीड़ा अधिकारी शिवानी गुरूंग, युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे सहित संबंधित अधिकारी, कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे।


