बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के सड़क निर्माण और सीमांकन पर चला ध्वस्तीकरण अभियान
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध एवं अनधिकृत भू-विन्यास के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रानीपोखरी क्षेत्र में करीब 150 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के किए गए भू-विन्यास, सड़क निर्माण एवं सीमांकन के मामले में प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान बड़े भू-भाग में एमडीडीए की अनुमति के बिना विकास कार्य किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अनधिकृत विकास कार्यों का ध्वस्तीकरण किया।
एमडीडीए के अनुसार, इससे पूर्व भी इसी स्थल पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ 7 जुलाई 2026 को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लॉटिंग, सड़क निर्माण, सीमांकन अथवा अन्य विकास कार्य अनुमन्य नहीं हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
