बद्रीनाथ धाम चढ़ावा प्रकरण: प्रमोद नौटियाल के खिलाफ FIR दर्ज, जांच तेज

Listen to this article

देहरादून/बदरीनाथ।

श्री बदरीनाथ धाम में मंदिर के चढ़ावे की गणना के दौरान कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर निलंबित निजी सचिव प्रमोद नौटियाल के खिलाफ कोतवाली बदरीनाथ में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना पुलिस ने शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार, बीकेटीसी को सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली थी कि 2 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ मंदिर में थाली भेंट (चढ़ावा) की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता हुई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीकेटीसी अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच समिति का गठन किया गया।

प्राथमिक जांच में आरोप है कि संबंधित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने 2 जुलाई की सुबह लगभग 9:00 बजे से 9:30 बजे के बीच थाली भेंट गणना स्थल से मंदिर की धनराशि को कथित रूप से अपने निजी हित में साथ ले जाने का प्रयास किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

इसके बाद बीकेटीसी के कार्यालय आदेश संख्या 250/जांच/2026-27, दिनांक 07 जुलाई 2026 के तहत मंदिर अधिकारी को प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में मंदिर के प्रभारी अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की ओर से कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

उधर, उत्तराखंड शासन ने भी पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author