उत्तराखंड में थमने लगी मानसून की रफ्तार, 11 सितंबर को कई जिलों में बारिश के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ है। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 सितंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जना के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

16 सितंबर तक बना रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें देखने को मिल सकती हैं।

सितंबर के पहले सप्ताह में सामान्य से 78% अधिक बारिश
उत्तराखंड में सितंबर की शुरुआत बारिश के लिहाज से अच्छी रही। पहले सप्ताह में प्रदेश में सामान्य से 78 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में करीब 143 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य वर्षा का आंकड़ा करीब 80 मिलीमीटर है। हालांकि, जिलावार बारिश में काफी अंतर देखने को मिला।

About The Author