देहरादून | दून वैली टाइम्स
देहरादून जनपद के चकराता क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू कर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार चकराता तहसील के दुनुवा गांव निवासी 24 वर्षीय जगमोहन बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपनी कार (UK11A6727) से सहिया की ओर जा रहे थे। दुनुवा-मलेथा मोटर मार्ग पर गांव से कुछ दूरी आगे अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरने के बाद वाहन नीचे दूसरी सड़क पर जाकर पलट गया। हादसे के समय कार में जगमोहन अकेले सवार थे।
ग्रामीणों ने दिखाई मानवता
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। विजय सिंह तोमर, प्रेम सिंह तोमर, रितेश, धरमू, सुखिया, संजय और रमेश सहित कई लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को खाई से बाहर निकालकर निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहिया पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ दिया दम
सीएचसी सहिया में ड्यूटी पर तैनात डॉ. सरिता धारिया ने प्राथमिक जांच के बाद जगमोहन को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जगमोहन अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।




