8,881 वर्ग मीटर भूमि पर बनेगा ग्राउंड फ्लोर समेत सात मंजिला भवन, फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट पर डीएम ने दिए विशेष निर्देश
देहरादून। देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को जल्द ही अपना प्रोफेशनल ऑफिस भवन मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित भवन के डिजाइन और निर्माण योजना को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) तथा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भवन के सर्वे प्लान, की-प्लान, क्षेत्रफल, साइट प्लान, पार्किंग, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था समेत विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एमडीडीए की सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन ने प्रस्तावित भवन की डिजाइन और निर्माण योजना का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए 8,881.28 वर्ग मीटर भूमि का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित भवन में ग्राउंड फ्लोर के अतिरिक्त सात मंजिलों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।

प्रत्येक चैंबर का होगा 10×10 आकार
प्रस्तावित भवन में अधिवक्ताओं के लिए 10×10 आकार के चैंबर बनाए जाने की योजना है। डिजाइन तैयार करते समय अधिवक्ताओं के साथ-साथ भवन में आने वाले आम लोगों की सुविधा को भी ध्यान में रखा गया है। भवन में प्रवेश और निकासी के लिए समुचित व्यवस्था के साथ वाहन पार्किंग सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है।
एमडीडीए की ओर से प्रस्तुत योजना में भवन की उपयोगिता, आवागमन, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़े तकनीकी पहलुओं को भी शामिल किया गया है। बैठक के दौरान अधिकारियों और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित भवन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
सुरक्षा मानकों पर डीएम का विशेष जोर
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन की अंतिम डिजाइन और निर्माण योजना तैयार करते समय फायर सेफ्टी प्लान, इमरजेंसी एग्जिट और लिफ्ट सिस्टम का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भवन में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के साथ आमजन का भी आवागमन रहेगा, इसलिए भवन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत और मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही भवन में सुगम आवागमन, पार्किंग तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का भी समुचित ध्यान रखा जाए।
जल्द तैयार होगा फाइनल प्रस्ताव
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तकनीकी पहलुओं का परीक्षण करते हुए भवन निर्माण का फाइनल प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन की डिजाइन केवल कार्यालय उपयोग तक सीमित न होकर सुरक्षा, सुविधा और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाए।
प्रस्तावित प्रोफेशनल ऑफिस भवन के तैयार होने से देहरादून बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं को कार्यालय एवं चैंबर की सुविधा मिलने के साथ ही न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों के लिए भी बेहतर व्यवस्थाएं विकसित होने की उम्मीद है।
बैठक में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत, सीनियर आर्किटेक्ट दृष्टि जैन, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट, सीनियर काउंसिल आरएस रावत, प्रेम चंद्र शर्मा, अनुराग गुप्ता एवं धर्मवीर नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
