पुलिस लाइन देहरादून में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी विदाई

देहरादून, 30 सितंबर 2026। पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को सितंबर माह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एसएसपी देहरादून की मौजूदगी में पुलिस परिवार की ओर से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई।

एसएसपी देहरादून ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पुलिस परिवार का अभिन्न अंग रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पुलिस परिवार उनकी हरसंभव सहायता के लिए सदैव तैयार रहेगा।

इस अवसर पर एसएसपी द्वारा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे सेवाकाल के दौरान अर्जित अनुभव विभाग के लिए महत्वपूर्ण हैं और भविष्य में भी पुलिस को उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन का लाभ मिलता रहेगा।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सामने आई विभिन्न चुनौतियों, समस्याओं और उनके समाधान के लिए किए गए प्रयासों के बारे में उपस्थित पुलिसकर्मियों को जानकारी दी।

एसएसपी देहरादून ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के अनुभवों से सीख लेने और अपने कर्तव्य निर्वहन में उनका अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।

ये पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त

  1. श्री नजाकत अली — अग्निशमन अधिकारी
  2. श्री राजेन्द्र सिंह रावत — अपर उप निरीक्षक ना.पु.
  3. श्री गजेन्द्र सिंह — अपर उप निरीक्षक ना.पु.
  4. श्री राजेन्द्र सिंह चौधरी — अपर उप निरीक्षक ना.पु.
  5. श्री गिरीश चन्द्र सिंह — अपर उप निरीक्षक स.पु.

विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वितीय/नगर, क्षेत्राधिकारी लाइन, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।

About The Author