17 वर्षीय दीपक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मटमैले पानी के चलते सर्च अभियान में आ रही दिक्कत

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के गरमपानी क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बेतालघाट ब्लॉक के कलुवाबगड़ रोपा के समीप बुधवार दोपहर दोस्तों के साथ कोसी नदी किनारे गए 17 वर्षीय किशोर दीपक कुमार, पुत्र भुवन चंद्र, का अचानक पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर नदी की तेज धारा में जा गिरा।
हादसे के बाद साथ मौजूद युवकों ने किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा के आगे उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
रेस्क्यू टीम ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। टीम ने नदी के आसपास संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
कोसी नदी का पानी मटमैला होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के भीतर दृश्यता कम होने से अभी तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है। टीम लगातार नदी और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही किशोर के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार और स्थानीय लोग दीपक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और एसडीआरएफ का सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।
दून वैली टाइम्स परिवार की ओर से हादसे पर संवेदना व्यक्त की जाती है और किशोर के सकुशल मिलने की कामना की जाती है।
