दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति किया जागरूक, शत-प्रतिशत मतदान की अपील

देहरादून में स्वीप अभियान के तहत रेफल होम में आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम

देहरादून, 09 अक्टूबर। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देहरादून में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान के दिशा-निर्देशों पर शुक्रवार को स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत मोहनी रोड स्थित दिव्यांगजनों की आवासीय संस्था ‘रेफल होम’ में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं दिव्यांगजन नोडल अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने दिव्यांगजनों को मतदान के अधिकार और लोकतंत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में 08 अक्टूबर 2026 से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों तथा बुक्सा जनजाति के 46 गांवों में सघन मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचकर उसे मतदान के अधिकार और उसके महत्व के प्रति जागरूक करना है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी आवश्यक है। समावेशी लोकतंत्र की स्थापना तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग मतदान प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लें।

कार्यक्रम के दौरान रेफल होम के दिव्यांगजनों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के विभिन्न तरीकों तथा मताधिकार के महत्व की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उन्हें आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के साथ-साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सुश्री प्रिया लाल, सुश्री पूनम चमोली, श्री पुष्पेंद्र और श्री प्रज्वल सहित संस्था के कई लोग उपस्थित रहे।

About The Author