72 वर्षीय वृद्धा की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, घर से जुड़े हेल्पर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्ध महिला रेखा बंसल की हत्या के मामले का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के परिवार को करीब 15 वर्षों से जानने वाला और उनके प्रतिष्ठान पर हेल्पर के तौर पर काम करने वाला व्यक्ति ही वारदात का आरोपी निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का कड़ा समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को दिनेश बंसल ने सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की सहायता से जांच कराई गई, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विनीत कुमार को रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
बकाया मजदूरी को लेकर हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित पुस्तक दुकान पर हेल्पर के रूप में काम करता था और करीब 15 वर्षों से परिवार से परिचित था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की कुछ मजदूरी बकाया थी, जिसे मांगने के लिए वह घटना वाले दिन घर पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, घर में वृद्धा के अकेले होने के दौरान बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपी ने अपने हाथ में पहने कड़े से वृद्धा के चेहरे पर वार किया। वृद्धा के शोर मचाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने मृतका के हाथ से सोने का कड़ा निकाल लिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपने कपड़े भी बदल लिए थे।
सोने का कड़ा और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कड़ा, घटना में प्रयुक्त आरोपी का कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम को इनाम की घोषणा
ब्लाइंड मर्डर का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से ₹5,000 तथा एसएसपी देहरादून की ओर से ₹2,500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
