कांवड़ मेला-2026 की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने किया कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण

Listen to this article

हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेले के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को शंकराचार्य चौक से रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सड़क निर्माण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण और मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ पटरी मार्ग को पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाया जाए, पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय, पेयजल केंद्र, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं एसएसपी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन का कहना है कि हर वर्ष लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। ऐसे में इस बार भी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय के साथ व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

About The Author