विकासनगर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक कुलदीप कुमार ने विकासनगर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।
कुलदीप कुमार ने कहा कि विकासनगर भाजपा की मजबूत सीट है और यह सामान्य सीट होने के कारण यहां सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व अनुसूचित जनजाति वर्ग के नेताओं ने किया है, लेकिन अब जनता की भावना है कि सामान्य सीट पर सामान्य वर्ग के व्यक्ति को मौका मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अवसर उन्हें मिले या पार्टी किसी अन्य योग्य सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को दे, वह पार्टी के निर्णय का सम्मान करेंगे।
पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें भाजपा संगठन और शीर्ष नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। स्थानीय संगठन का उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है और वे लगातार क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने कहा, “मेरी तैयारी जनता करा रही है और जनता ही मुझे चुनाव लड़ाएगी।”
कुलदीप कुमार ने विश्वास जताया कि भाजपा नेतृत्व उचित समय पर विकासनगर से मजबूत प्रत्याशी का चयन करेगा।


