ऋषिकेश। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही प्रसिद्ध पर्यटन एवं एडवेंचर गतिविधि रिवर राफ्टिंग पर आज (1 जुलाई) से अस्थायी रोक लगा दी गई है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए हर वर्ष की तरह इस बार भी जुलाई और अगस्त महीने में गंगा नदी में राफ्टिंग का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
प्रशासन के अनुसार मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ने, तेज बहाव, सिल्ट जमा होने और अचानक बाढ़ जैसी परिस्थितियों की आशंका के चलते पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रतिबंध के दौरान किसी भी व्यावसायिक राफ्टिंग गतिविधि की अनुमति नहीं होगी।
ऋषिकेश देश-विदेश के पर्यटकों के लिए व्हाइट वॉटर राफ्टिंग का प्रमुख केंद्र माना जाता है। हर साल लाखों पर्यटक यहां एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद लेने पहुंचते हैं, लेकिन मानसून के दो महीनों में सुरक्षा कारणों से राफ्टिंग संचालन बंद रखा जाता है। मौसम सामान्य होने और प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद सितंबर से राफ्टिंग दोबारा शुरू होने की संभावना है।
यदि आपने जुलाई या अगस्त में ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग का प्लान बनाया है, तो अपनी यात्रा से पहले यह अपडेट जरूर ध्यान में रखें।
मानसून के चलते आज से ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग बंद, जुलाई-अगस्त तक रहेगा प्रतिबंध




