
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने वाहन चोरी के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ दोपहिया वाहन तथा दो एक्टिवा स्कूटी के कटे हुए इंजन व अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार प्रयासों के बाद 2 जुलाई 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से मोहन क्षेत्री उर्फ मांचा, वीरपाल उर्फ भेड़ और अरसल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से दो मोटरसाइकिलें, छह एक्टिवा स्कूटी तथा दो एक्टिवा के इंजन और अन्य पार्ट्स बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोहन और वीरपाल नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी कर उन्हें मास्टर-की या लॉक तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहन अपने साथी अरसल को बेच देते थे। अरसल मैकेनिक का काम करता है और वह वाहनों के पार्ट्स निकालकर कबाड़ियों को बेच देता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मोहन क्षेत्री के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।



