उत्तराखंड में 50 रोपवे परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को लंबित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित 50 रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त परियोजनाओं में हो रही देरी के कारणों की समीक्षा कर उनके लिए नई समयसीमा निर्धारित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि रोपवे परियोजनाओं से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और सभी प्रक्रियाएं तय समय में पूरी की जाएं।

बैठक में सोनप्रयाग-केदारनाथ, टनकपुर-पूर्णागिरि, काठगोदाम-नैनीताल, गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब, कनकचौरी-कार्तिक स्वामी, देहरादून-मसूरी और जानकीचट्टी सहित प्रमुख रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

इसके अलावा हरिद्वार-ऋषिकेश क्षेत्र में प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं, उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड की कार्यप्रगति और भविष्य की परियोजनाओं को धरातल पर उतारने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक रोपवे परियोजना के साथ पर्याप्त पार्किंग सुविधा को भी समेकित योजना का हिस्सा बनाया जाए। साथ ही निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए लाइसेंसिंग और अनुमोदन की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने PPP मॉडल के माध्यम से अधिक से अधिक रोपवे परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने के लिए निवेशकों के साथ प्रभावी समन्वय और ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

About The Author