मामा की बेटी से शादी करने वाले युवक की हत्या, बीच बाजार वारदात को दिया अंजाम

Listen to this article

उत्तराखंड के रुड़की में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भगवानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक की उसके सगे मामा ने बीच बाजार चाकू से हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने करीब दो वर्ष पहले अपनी ममेरी बहन से प्रेम विवाह (निकाह) किया था, जिससे आरोपी लंबे समय से नाराज चल रहा था। पुलिस इसी पारिवारिक रंजिश को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।

बाजार में सामान खरीदने गया था युवक

मृतक की पहचान पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ी गांव निवासी 28 वर्षीय मुफीद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वह भगवानपुर क्षेत्र के हालूमाजरा चौक स्थित बाजार में घरेलू सामान खरीदने पहुंचा था। वह एक दुकान के बाहर खड़ा था, तभी वहां उसका सगा मामा भी पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान मामा ने अपने पास मौजूद धारदार चाकू निकालकर मुफीद के पेट और शरीर पर कई ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

दो साल पहले किया था प्रेम विवाह

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मुफीद ने करीब दो वर्ष पहले अपने मामा की बेटी से प्रेम संबंध के बाद निकाह किया था। इस शादी से आरोपी मामा नाराज था और तभी से दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। शादी के बाद मुफीद अपनी पत्नी के साथ अपने गांव में रह रहा था। पुलिस का मानना है कि लंबे समय से चली आ रही यही रंजिश आखिरकार खूनी वारदात में बदल गई।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

हमले के बाद गंभीर रूप से घायल मुफीद सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे रुड़की के आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

घटनास्थल से बरामद हुआ हत्या में इस्तेमाल चाकू

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर कब्जे में ले लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्य भी एकत्र करने में जुटी है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

About The Author