यूकेडी नेता आशीष नेगी के खिलाफ पांवटा साहिब थाने में शिकायत, भड़काऊ बयान देने का आरोप

Listen to this article

पांवटा साहिब/सिरमौर। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब थाना में शिकायत पत्र देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। स्थानीय समाजसेवी परमजीत सिंह बंगा ने थाना प्रभारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि आशीष नेगी ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर सिख समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ बयान दिए हैं, जिससे सिख समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आशीष नेगी ने कथित तौर पर “हम स्वर्ण मंदिर पर दोबारा भी हमला कर सकते हैं” जैसी टिप्पणी की, जिसे सिख धर्म के सर्वोच्च धार्मिक स्थल श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) का अपमान बताते हुए गंभीर आपत्ति जताई गई है। शिकायत में कहा गया है कि ऐसे बयान समाज में सांप्रदायिक तनाव, भय और वैमनस्य का माहौल पैदा कर सकते हैं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सिख समुदाय को बिना किसी आधार के “खालिस्तानी” कहकर संबोधित किया जा रहा है, जिससे पूरे समुदाय की छवि धूमिल करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हो रहा है। शिकायतकर्ता ने कहा कि सिख समुदाय का देश की एकता, अखंडता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा पूरे समुदाय को इस प्रकार संबोधित करना अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण है।

परमजीत सिंह बंगा ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आशीष नेगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और इससे कानून-व्यवस्था या सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और सरकार की होगी।

फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने या किसी अन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक आशीष नेगी की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

About The Author