पौड़ी में राजस्थान के यात्रियों और स्थानीय युवकों के बीच मारपीट, 10 यात्री हिरासत में

Listen to this article

वाहन ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदला, तीन स्थानीय युवक घायल

श्रीनगर (पौड़ी)। उत्तराखंड के श्रीनगर (पौड़ी) में वाहन ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। स्थानीय युवकों और राजस्थान से आए यात्रियों के बीच हुई मारपीट में तीन स्थानीय युवक घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने राजस्थान से आए 10 यात्रियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत पौड़ी चुंगी क्षेत्र में हुई, जहां ओवरटेक के दौरान एक कार और बाइक के बीच टक्कर जैसी स्थिति बनने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय मामला शांत हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने रास्ते आगे बढ़ गए।

घायल युवक चिराग बहुगुणा के अनुसार, कुछ दूरी पर क्वालिटी फूड के पास और बाद में श्री यंत्र टापू के समीप दोनों पक्षों का फिर आमना-सामना हुआ। आरोप है कि कार सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और डंडों, पत्थरों तथा हाथापाई के जरिए हमला कर दिया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान एक युवक के हाथ पर दांत से काटा गया। इस घटना में चिराग बहुगुणा सहित तीन स्थानीय युवक घायल हुए हैं, जिनके सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं।

चिराग बहुगुणा द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि शुरुआती विवाद के दौरान कार सवार युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी, लेकिन बाद में अन्य लोगों को बुलाकर दोबारा हमला किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने राजस्थान से आए 10 यात्रियों को हिरासत में लेकर श्रीनगर कोतवाली में रखा है। अधिकारियों के अनुसार शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी फैलने के बाद देर रात बड़ी संख्या में स्थानीय युवक श्रीनगर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। कुछ समय तक कोतवाली परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई। कई लोगों ने उत्तराखंड को शांत, धार्मिक और आस्था की भूमि बताते हुए दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की। लोगों का कहना है कि देवभूमि की शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है तथा छोटी-छोटी बातों को टकराव का रूप देने से बचना चाहिए।

About The Author