पौड़ी में घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, गांव में दहशत

Listen to this article

साथी महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन महिला को घसीटकर ले गया गुलदार
पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नैनीडांडा विकासखंड के पट्टी बिजलौट स्थित ग्रामसभा सत्खोलू के तोक बणासी तल्ली में शनिवार को घास लेने जंगल गई एक महिला पर गुलदार ने दिनदहाड़े हमला कर दिया। हमले में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे बणासी तल्ली निवासी सुशीला देवी गांव की अन्य महिलाओं के साथ मवेशियों के लिए घास काटने जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर और साहस दिखाते हुए गुलदार को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह महिला को घसीटते हुए घनी झाड़ियों की ओर ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर पहुंचे। काफी देर तक तलाश करने के बाद झाड़ियों के बीच महिला का शव बरामद किया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि महिलाएं और बच्चे भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने, गुलदार को जल्द पकड़ने तथा प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत ने वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रकीर्ण नेगी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
लगातार बढ़ रहे वन्यजीव हमलों ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग वन विभाग से स्थायी समाधान और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

About The Author