कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस नेता और उनके 24 वर्षीय बेटे की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सुफियान को उस समय निशाना बनाया, जब दोनों कार से घर लौट रहे थे। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनीसुर रहमान (50) अपने 24 वर्षीय बेटे अबू सुफियान के साथ बेथुआडहरी से कार द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान नागाडी रेलवे फाटक के पास अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गोलियों के साथ धारदार हथियारों से भी हमला
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, हमलावरों ने पिता-पुत्र पर गोलियां चलाने के साथ ही धारदार हथियारों से भी हमला किया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।
कांग्रेस नेता की हत्या से पार्टी में आक्रोश
अनीसुर रहमान नकाशीपाड़ा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में शामिल थे और लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए थे। पिता-पुत्र की हत्या की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश जताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दोहरे हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, राजनीतिक विवाद या कोई अन्य कारण था।
घटना के बाद क्षेत्र में किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
