गहरी खाई में गिरी पिकअप, एक युवक की मौत, एक गंभीर घायल

त्यूणी/देहरादून। देहरादून जिले के जौंनसार बावर क्षेत्र की त्यूणी तहसील में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तुंगाण क्षेत्र से त्यूणी की ओर आ रही एक पिकअप गाड़ी पुरटाड गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार उत्तरकाशी निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे एक पिकअप वाहन तुंगाण क्षेत्र से त्यूणी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुरटाड गांव के समीप अचानक वाहन चालक का नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और कई मीटर नीचे पलट गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना त्यूणी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में खजानदास (40 वर्ष), निवासी मोरी, उत्तरकाशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार रवि, निवासी मोरी, उत्तरकाशी गंभीर रूप से घायल बताया गया है। घायल को रेस्क्यू कर तत्काल त्यूणी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पहाड़ी क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की जरूरत को सामने ला दिया है।

About The Author