कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: बंदरों से बचते समय छत से गिरा 12 वर्षीय रिहान, मौत

कोटद्वार। पौड़ी जिले के कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के लकड़ीपड़ाव मोहल्ले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर की छत पर खेल रहे रिहान के सामने अचानक बंदर आ गए। उनसे बचने के प्रयास में वह घबरा गया और छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। 

जानकारी के अनुसार, लकड़ीपड़ाव निवासी 12 वर्षीय रिहान पुत्र इरफान शुक्रवार शाम अपने घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान छत पर कुछ बंदर आ गए। रिहान बंदरों को देखकर डर गया और उनसे बचने के लिए छत से नीचे उतरने का प्रयास करने लगा।

इसी बीच एक बंदर उसके करीब आने लगा। घबराहट में रिहान का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल बेस चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम

मासूम रिहान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं लकड़ीपड़ाव क्षेत्र में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता जताई है और संबंधित विभाग से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। 

About The Author