खांसी, जुकाम और बुखार है तो बच्चों को स्कूल न भेजें

स्वाइन फ्लू के संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए दिशा-निर्देश, जिले में स्वाइन फ्लू के 8 और डेंगू के 5 मरीज मिले

देहरादून। जिले में स्वाइन फ्लू और डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चों में खांसी, जुकाम या बुखार जैसे लक्षण हैं तो उन्हें स्कूल न भेजें और डॉक्टर से सलाह लें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार स्वाइन फ्लू के मरीजों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी-ए में हल्का बुखार, खांसी और गले में खराश वाले मरीजों को घर पर आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है।

श्रेणी-बी में तेज बुखार और अधिक खांसी वाले मरीजों को भी घर में आइसोलेट रहने तथा चिकित्सक की सलाह लेने को कहा गया है। वहीं श्रेणी-सी में सांस फूलने, बेचैनी और लो ब्लड प्रेशर जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई है।

स्वाइन फ्लू के 8 और डेंगू के 5 नए मामले

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के आठ नए मामले सामने आए। अब तक 44 नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें छह मरीज एसएमआई और दो मरीज अन्य अस्पतालों में मिले हैं।

जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 565 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 485 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 78 मामले सक्रिय हैं।

वहीं डेंगू के भी पांच नए मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को डेंगू के 383 नमूनों की जांच की। इसके साथ ही जिले में डेंगू के कुल मामले बढ़कर 189 हो गए हैं। इनमें 166 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से संक्रमण के लक्षणों को नजरअंदाज न करने, बीमार होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों और स्कूल जाने से बचने तथा चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। बच्चों में खांसी, जुकाम या बुखार होने पर अभिभावक विशेष सावधानी बरतें।

About The Author