दौड़ते-दौड़ते फौजी के 15 वर्षीय बेटे की मौत, गम में मां ने सरयू नदी में कूदकर दी जान

पिथौरागढ़। झोलकेत क्षेत्र के खेल मैदान में शनिवार सुबह दौड़ लगाने के दौरान एक 15 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। गश खाकर गिरने के बाद छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर सुनकर सदमे में आई मां ने भी सरयू नदी में छलांग लगाकर जान दे दी।

कोतवाल ललित मोहन जोशी के अनुसार, मड़गांव वड़ा निवासी कैलाश चंद्र जोशी का 15 वर्षीय बेटा जतिन जोशी कक्षा 9 का छात्र था। वह रोज की तरह शनिवार सुबह झोलकेत खेल मैदान में दौड़ लगाने गया था। दौड़ते समय अचानक वह गश खाकर गिर पड़ा। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जतिन के पिता फौज में हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर उसकी मां पूनम सदमे में आ गईं। बताया गया कि उन्होंने बेटे के शव को चुन्नी ओढ़ाई और इसके बाद बिना किसी को बताए अस्पताल से बाहर निकल गईं।

पुलिस के मुताबिक, पूनम करीब 30 किलोमीटर दूर गंगोलीहाट की ओर जा रही टैक्सी में बैठीं। रास्ते में वाहन से उतरने के बाद वह पुराने पुल के पास पहुंचीं और सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक ही परिवार में कुछ ही समय के अंतराल में हुई मां-बेटे की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

About The Author