मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया भूमिपूजन, बोले- युवाओं को मिलेगी उच्च गुणवत्ता की मैनेजमेंट शिक्षा
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) काशीपुर के नए कैंपस की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार को मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने IIM काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में IIM काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में IIM काशीपुर का कैंपस खुलने से उत्तराखंड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में मैनेजमेंट से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध होगी।

युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मिलेगा अवसर
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि देहरादून में प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान का कैंपस स्थापित होने से विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण और मैनेजमेंट शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
अधिकारी रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में IIM काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी तथा कार्यदायी संस्था CPWD देहरादून के मुख्य अभियंता श्री देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों और IIM काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।
देहरादून में IIM काशीपुर कैंपस की स्थापना को प्रदेश में उच्च शिक्षा और प्रबंधन शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
