बेटी के अन्नप्राशन में पड़ोसी की हत्या, चाकू से गोदकर युवक को उतारा मौत के घाट

सेलाकुई के जमनपुर में वारदात से सनसनी, विवाद के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार फरार; पुलिस तलाश में जुटी

देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात बेटी के अन्नप्राशन संस्कार के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार राजपाल निवासी पीलीभीत अपने परिवार के साथ जमनपुर में रहता था। सोमवार को उसके घर में बेटी के अन्नप्राशन संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले जितेंद्र कुमार का किसी बात को लेकर राजपाल से विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान आरोपी जितेंद्र कुमार ने कथित तौर पर चाकू से राजपाल पर कई वार कर दिए। चाकू के हमले में राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन और आसपास के लोग घायल राजपाल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेलाकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

कुछ दिन पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच कुछ दिन पहले भी शराब के नशे में विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार इसी पुरानी रंजिश के बीच सोमवार रात फिर विवाद हुआ और मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।

बताया गया है कि आरोपी जितेंद्र कुमार और राजपाल दोनों इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी करते थे। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

थानाध्यक्ष शौकीन कुमार ने बताया कि चाकू के वार से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम और विवाद के कारणों की भी जांच की जा रही है।

About The Author