एसडीएम ने चकराता, कालसी और त्यूनी में बैठने के दिन किए निर्धारित

जनसमस्याओं के समाधान के लिए जारी हुआ नया रोस्टर, दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगी राहत

चकराता, 23 सितंबर। तहसील चकराता, कालसी और त्यूनी क्षेत्र में स्थानीय जनता के कार्यों एवं राजकीय कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के लिए उप जिलाधिकारी चकराता, कालसी एवं त्यूनी ने बैठकर कार्य संपादन का नया रोस्टर जारी किया है। नए रोस्टर के अनुसार अब उप जिलाधिकारी निर्धारित दिनों में संबंधित तहसीलों में उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याएं सुनेंगे और राजकीय कार्यों का निस्तारण करेंगे।

जारी रोस्टर के अनुसार प्रथम सप्ताह में कालसी तहसील में सोमवार, मंगलवार, बुधवार एवं शनिवार, जबकि चकराता तहसील में बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को उप जिलाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इसी प्रकार द्वितीय सप्ताह में कालसी में सोमवार, बुधवार एवं शनिवार, चकराता में बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार तथा त्यूनी में मंगलवार को उप जिलाधिकारी की उपस्थिति निर्धारित की गई है।

तृतीय सप्ताह में कालसी में सोमवार, मंगलवार, बुधवार एवं शनिवार, जबकि चकराता में बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को कार्य संपादन होगा।

वहीं चतुर्थ सप्ताह में कालसी में सोमवार, बुधवार एवं शनिवार, चकराता में बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार तथा त्यूनी में मंगलवार को उप जिलाधिकारी जनता के कार्यों का निस्तारण करेंगे।

अवकाश होने पर अगले निर्धारित दिन होगी व्यवस्था

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित दिन राजकीय अवकाश होता है अथवा जिला कार्यालय में कोई बैठक निर्धारित होती है या किसी अन्य कारण से बीआईपी ड्यूटी की स्थिति बनती है, तो अगले निर्धारित दिवस पर संबंधित तहसील में उपस्थित रहकर राजकीय कार्यों का संपादन किया जाएगा।

इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि तहसीलदार कालसी, चकराता एवं त्यूनी को सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है।

दूरस्थ त्यूनी और जौनसार-बावर के ग्रामीणों को राहत की उम्मीद

नए रोस्टर से दूरस्थ क्षेत्र त्यूनी और जौनसार-बावर के ग्रामीणों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को अब उप जिलाधिकारी से मिलने के लिए अनिश्चित रूप से भटकना नहीं पड़ेगा और निर्धारित दिवस पर संबंधित तहसील पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं राजकीय कार्य प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

स्थानीय स्तर पर यह व्यवस्था इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि क्षेत्र के लोगों को राजस्व, प्रमाण-पत्र, भूमि संबंधी मामलों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए अधिकारियों से मिलने में कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्वाभिमान मोर्चा से जुड़े यशपाल सिंह रावत ने कहा कि लोगों को निर्धारित स्थान पर एसडीएम के नहीं मिलने के कारण समस्याएं होती हैं। ऐसे में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि एसडीएम त्यूनी, चकराता और कालसी में किस दिन उपलब्ध रहेंगे, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नए रोस्टर से प्रशासनिक व्यवस्था में स्पष्टता

नए रोस्टर के जारी होने के बाद अब तीनों तहसीलों में उप जिलाधिकारी की उपलब्धता को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो गई है। निर्धारित दिवस पर अधिकारी की मौजूदगी से आम जनता को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

About The Author