देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड और M3M Foundation के बीच मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को देहरादून में महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
MoU पर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से श्री संजय कुमार, निदेशक (प्रशिक्षण), प्रशिक्षण एवं सेवायोजन तथा M3M Foundation की ओर से डॉ. ऐश्वर्य महाजन, Managing Trustee एवं President ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर श्रीमती चंद्रकांता, उप निदेशक सेवायोजन, श्री निरंजन खुगशाल, उप निदेशक (प्रशिक्षण), श्री दिनकर रौतेला, प्रधानाचार्य श्रेणी-1, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, निरंजनपुर देहरादून, श्रीमती विनीता बडोनी, Nodal Officer, UKSDM तथा श्री अरविंद कुमार शर्मा, M3M प्रतिनिधि सहित विभाग एवं प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्योग की जरूरतों के अनुरूप होगा प्रशिक्षण
MoU का उद्देश्य उत्तराखंड में एक सहयोगात्मक कौशल विकास ढांचा तैयार करना है, जिसके माध्यम से युवाओं को वर्तमान और उभरती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, रोजगार क्षमता में वृद्धि, उद्योगों से संपर्क, प्लेसमेंट के अवसर और टिकाऊ आजीविका पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों को स्थानीय रोजगार की मांग से जोड़ते हुए युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
चार शहरों में प्रशिक्षण केंद्रों को प्राथमिकता
MoU के प्रारंभिक चरण में देहरादून, हल्द्वानी, काशीपुर और पिथौरागढ़ में प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन को प्राथमिकता दी गई है। परियोजना की आवश्यकता, भौगोलिक परिस्थितियों और संभावित लाभार्थियों की उपलब्धता के आधार पर अल्मोड़ा और बड़कोट को भी अतिरिक्त प्रशिक्षण स्थानों के रूप में शामिल किया जा सकता है।
प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र पर स्थानीय परिस्थितियों, उद्योग की मांग और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कम से कम दो पाठ्यक्रमों का चयन किया जाएगा।
इन तकनीकी ट्रेडों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं के लिए आधुनिक और रोजगारपरक तकनीकी ट्रेड शामिल किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से—
– Junior Technician – Electric Vehicle
– Junior Technician – Auto Electrical Maintenance
– Junior Technician – Automobile Repair & Maintenance
– Junior Technician – Internet of Things (IoT)
– Junior Technician – Plumbing
शामिल हैं।
इन ट्रेडों का चयन स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं और युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार अवसरों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित किया गया है।
रोजगार और प्लेसमेंट पर भी रहेगा जोर
इस साझेदारी के माध्यम से युवाओं को बदलती औद्योगिक एवं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने के साथ उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उद्योगों के साथ संपर्क और placement support को मजबूत करने के साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा प्रशिक्षण के बाद प्राप्त परिणामों की भी निगरानी पर जोर रहेगा।
M3M Foundation ने बताया महत्वपूर्ण पहल
इस अवसर पर डॉ. पायल कनोडिया, Chairperson एवं Trustee, M3M Foundation ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना और उन्हें रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ना इस साझेदारी का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि M3M Foundation और कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के बीच यह सहयोग राज्य में कौशल विकास को अधिक उद्योग-केंद्रित, रोजगारपरक और परिणाम-उन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साझेदारी के माध्यम से युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, बेहतर रोजगार अवसर और टिकाऊ आजीविका के रास्ते मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
यह साझेदारी उत्तराखंड में कौशल विकास के क्षेत्र में विभागीय प्रयासों और सामाजिक क्षेत्र की भागीदारी को एक साथ लाते हुए युवाओं के लिए प्रशिक्षण, रोजगार और आजीविका के अवसरों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करेगी।

