देहरादून, 25 सितंबर 2026कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पुताई का काम करता है और कुछ दिन पहले पीड़ित के मकान मालिक के घर पुताई करने के दौरान उसे घर में कीमती आभूषण रखे होने की जानकारी हुई थी। इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पुताई का काम करता है और कुछ दिन पहले पीड़ित के मकान मालिक के घर पुताई करने के दौरान उसे घर में कीमती आभूषण रखे होने की जानकारी हुई थी। इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को नरेंद्र पी. गुप्ता निवासी 26 नेशविला रोड, देहरादून ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से लाखों रुपये कीमत की ज्वैलरी चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 347/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में इस तरह की घटनाओं में सामने आए आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
लगातार की गई कार्रवाई के दौरान 24 सितंबर 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कृष्णा लॉज के पास से आरोपी विजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 10 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद हुई।
हार्ट के ऑपरेशन के लिए पैसों की जरूरत, इसलिए की चोरी
पूछताछ में आरोपी विजय ने पुलिस को बताया कि वह कुछ दिन पहले पीड़ित के मकान मालिक के घर पुताई का काम करने गया था। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि घर में कीमती आभूषण रखे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह दिल का मरीज है और उसके हार्ट का ऑपरेशन होना था, जिसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी। इसी के चलते उसने ज्वैलरी चोरी करने की योजना बनाई और मौका मिलने पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी की कुछ ज्वैलरी अपने एक रिश्तेदार को 3 लाख रुपये में बेच दी थी, जिसमें से 2.70 लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा किए थे। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज करने की कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए सहयोगियों की गिरफ्तारी और चोरी की गई शेष ज्वैलरी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
बरामद ज्वैलरी
- 01 पीली धातु का हार
- 01 डायमंड हार मय पेंडेंट
- 01 डायमंड जड़ित कड़ा
- 02 पीली धातु की अंगूठियां
- 03 डायमंड जड़ित पीली धातु की ईयर रिंग
- बरामद ज्वैलरी का अनुमानित मूल्य करीब 10 लाख रुपये
गिरफ्तार आरोपी
विजय पुत्र किशनलाल, निवासी चुक्खुवाला, कोतवाली नगर, देहरादून, उम्र 31 वर्ष।
पुलिस टीम
निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट, प्रभारी कोतवाली नगर, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल संतोष पंवार, नरेंद्र रावत, लोकेन्द्र उनियाल, धीरेन्द्र पतियाल तथा एसओजी देहरादून के कांस्टेबल सौरभ पुलिस टीम में शामिल रहे।
