उत्तरकाशी दौरे पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, हवाई पट्टी से लेकर स्कूल तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तरकाशी, 25 सितंबर 2026
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन उत्तरकाशी में सामरिक, बुनियादी ढांचे, महिला स्वरोजगार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ग्राम मल्ली में सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सी.एल.एफ.) तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। इसके अलावा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली पहुंचकर शिक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें मार्गदर्शन दिया।

चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का किया निरीक्षण

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचकर वर्तमान व्यवस्थाओं और प्रस्तावित विस्तार योजनाओं के संबंध में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित हवाई पट्टी से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए।

चीन सीमा से निकटता के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी को सीमांत क्षेत्र में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके साथ ही आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन और वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

महिला समूहों के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन

इसके बाद मुख्य सचिव विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने ‘सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा’ के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से सीधा संवाद किया तथा उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों और अनुभवों की जानकारी ली।

मुख्य सचिव ने महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन एवं सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।

महिलाओं ने बताया कि सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा को यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी से वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग मिल रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाएं विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं।

क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं द्वारा बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, फार्मिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पादों और अचार निर्माण सहित कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत भी उपस्थित रहे।

पीएम श्री कॉलेज मातली में विद्यार्थियों से किया संवाद

दौरे के अगले चरण में मुख्य सचिव ने विकासखंड डुंडा के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

मुख्य सचिव ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव (कक्षा 12) तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित शुभम (कक्षा 11) को सम्मानित किया गया। गृह परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश और अस्मित को भी सम्मान मिला।

इसके अलावा परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य सचिव ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अन्य छात्र-छात्राओं को भी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *