सिरोबगड़ में फिर बरपा पहाड़, मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बचे तीन वाहन

बारिश के बीच श्रीनगर-रुद्रप्रयाग हाईवे पर बार-बार बाधित हो रहा यातायात, पुलिस ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की

श्रीनगर। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोबगड़ क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण श्रीनगर-रुद्रप्रयाग के बीच हाईवे पर बार-बार यातायात बाधित हो रहा है।

रविवार को भी सिरोबगड़ क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इस दौरान हाईवे से गुजर रहे तीन वाहन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। अचानक मलबा आने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

शनिवार से लगातार गिर रहा मलबा

कलियासौड़ चौकी प्रभारी विजय शैलानी के अनुसार, शनिवार से लगातार हो रही बारिश के कारण सिरोबगड़ में पहाड़ी से बार-बार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। इसके चलते शनिवार से अब तक कई बार हाईवे पर यातायात बाधित हो चुका है। रविवार को भी अचानक मलबा आने से सड़क पर आवाजाही प्रभावित हुई।

लगातार बारिश के चलते सिरोबगड़ क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने के कारण हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मार्ग पर निगरानी बनाए हुए हैं तथा यातायात सुचारू रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भारी बारिश का रेड अलर्ट, अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

मौसम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। क्षेत्र में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। पुलिस ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा बेहद जरूरी होने पर ही मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करने की अपील की है।

About The Author