बंजी जंपिंग के कुछ देर बाद युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Listen to this article

अलकनंदा नदी के ऊपर बंजी जंपिंग का रोमांच एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। धारी देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे देहरादून निवासी 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने और पेट में तेज दर्द तथा सांस लेने में परेशानी होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून के शांति विहार, कौलागढ़ निवासी लक्ष्य रस्तोगी (21 वर्ष) अपने परिवार के साथ धारी देवी मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान मूल्यगांव क्षेत्र के समीप संचालित एक बंजी जंपिंग केंद्र पर पहुंचने के बाद उसने बंजी जंपिंग करने की इच्छा जताई। परिवार की सहमति मिलने पर वह इस साहसिक गतिविधि में शामिल हुआ।
बताया जा रहा है कि बंजी जंपिंग पूरी करने के बाद जब लक्ष्य वापस ऊपर पहुंचा तो उसने पेट और सीने में तेज दर्द की शिकायत की। इसके साथ ही उसे सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। परिजनों ने उसकी हालत को देखते हुए पास स्थित रामकुंड क्षेत्र के एक लॉज में कमरा लेकर आराम कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी तबीयत और अधिक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के दौरान युवक को मृत पाया। डॉक्टरों ने उसे पुनर्जीवित करने के लिए आवश्यक चिकित्सीय प्रयास भी किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
चिकित्सकों के अनुसार परिजनों से मिली जानकारी में सामने आया कि बंजी जंपिंग के तुरंत बाद युवक को शारीरिक परेशानी शुरू हो गई थी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर विभिन्न संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *