सड़क की बदहाली पर सवाल उठा रहे युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, मंत्री प्रवेश वर्मा विवादों में

देहरादून/नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर में सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुए विवाद के दौरान दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। 

जानकारी के अनुसार, मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क के निरीक्षण के लिए तिलक नगर पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों और आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह की ओर से सवाल उठाए गए। इसी बीच एक युवक मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। सामने आए वीडियो में मंत्री द्वारा युवक का मोबाइल नीचे करने और उसके बाद थप्पड़ मारने जैसी घटना दिखाई दे रही है। 

युवक ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वह सड़क की स्थिति दिखा रहा था और इसी दौरान मंत्री ने उस पर हाथ उठाया। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने मंत्री पर निशाना साधते हुए कार्रवाई की मांग की है। 

घटना के बाद राजनीतिक सवाल भी उठ रहे हैं कि जनता या स्थानीय लोग सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल करें तो उनका जवाब संवाद और कार्रवाई से होना चाहिए या विवाद और हाथापाई से? हालांकि, घटना से जुड़े आरोपों और पूरे विवाद के सभी पहलुओं पर संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी महत्वपूर्ण है।

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और इसके बाद दिल्ली की राजनीति में भी बहस तेज हो गई है। 

About The Author