बेटी की जन्मदिन पार्टी में नहीं बुलाने पर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या

सेलाकुई के जमनपुर में वारदात से सनसनी, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार

देहरादून। सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 की देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सेलाकुई को सूचना मिली थी कि जमनपुर क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति को चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सुभारती अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राजपाल पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम फोटे कुआं, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनोज की बिल्डिंग, जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई।

जन्मदिन पार्टी में नहीं बुलाने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार और मृतक राजपाल एक-दूसरे से परिचित थे और सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में एक ही बिल्डिंग में किराये पर रहते थे।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को जितेंद्र कुमार की बेटी का पहला जन्मदिन था। इस मौके पर उसने घर पर पार्टी रखी थी। राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

बताया गया कि दोनों के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी शराब के नशे में खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। जन्मदिन की पार्टी वाले दिन रास्ते में दोनों के बीच बहस और हाथापाई हो गई। इसी दौरान राजपाल द्वारा जितेंद्र को थप्पड़ मारने पर आरोपी कथित तौर पर आवेश में आ गया और उसने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया।

चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल राजपाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की तलाश

मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 143/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत जितेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को जितेंद्र कुमार को मेंटल हॉस्पिटल रोड, सहसपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताई विवाद की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 21 सितंबर को उसकी बेटी का पहला जन्मदिन था और उसने घर पर पार्टी रखी थी। पुराने विवाद के चलते उसने राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस और मारपीट हुई। पुलिस के अनुसार, राजपाल द्वारा थप्पड़ मारे जाने के बाद आरोपी ने गुस्से में चाकू से उस पर हमला कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी

जितेंद्र कुमार पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीरपुर, हेमूपुर, तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी मनोज का मकान, जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून। उम्र करीब 25 वर्ष।

पुलिस टीम

उ0नि0 शैंकी कुमार, थानाध्यक्ष सेलाकुई, उ0नि0 मनोज नौटियाल, थानाध्यक्ष सहसपुर, उ0नि0 सुमेर सिंह, हे0कां0 नीरज शुक्ला, कां0 संजीत और कां0 सुधीर।

About The Author