देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे से लौटते ही सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और उत्तरकाशी तथा पिंडारी ग्लेशियर क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा सभी फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी और पिंडारी ग्लेशियर क्षेत्र में कुल 179 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के फंसे होने की सूचना पर प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना तथा अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मौसम की स्थिति, राहत टीमों की तैनाती तथा फंसे हुए लोगों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएं।
राज्य सरकार ने फंसे ट्रैकर्स और उनके परिजनों को आश्वस्त किया है कि सभी को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
दिल्ली से लौटते ही राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, ट्रैकर्स के रेस्क्यू की ली जानकारी
