भोजन में कथित तौर पर मिले घोंघा, कीड़े और कील, छात्राओं ने जताई नाराजगी
देहरादून। देहरादून स्थित यूनिवर्सिटी के अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं में नाराजगी देखने को मिली। छात्राओं ने हॉस्टल में परोसे जा रहे भोजन को लेकर विरोध जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
छात्राओं का आरोप है कि भोजन में कथित तौर पर घोंघा (Snail), कीड़े और कील जैसी आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। इसको लेकर छात्राओं में आक्रोश है और उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन से भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। भोजन में कथित तौर पर ऐसी चीजें मिलना स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। छात्राओं ने मामले की जांच कराने और भोजन व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्राएं भोजन की गुणवत्ता को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, भोजन में घोंघा, कीड़े और कील मिलने के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि किया जाना अभी बाकी है।
अब देखने वाली बात होगी कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले को लेकर क्या कार्रवाई करता है और भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
दून वैली टाइम्स इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।
