हरिद्वार। भगवानपुर कस्बे में पुराने विवाद ने देर रात खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद 23 वर्षीय आदित्य राणा की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शराब के ठेके के पास शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, प्रताप कॉलोनी निवासी लकी उर्फ रोहित और राहुल शर्मा का आदित्य उर्फ आदि व उसके साथियों से पैसों के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात दोनों पक्ष शराब के ठेके के पास आमने-सामने आ गए। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि मारपीट की जानकारी मिलने के बाद आदित्य ने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसे बातचीत के बहाने घर बुलाए जाने की बात सामने आई है।
घर बुलाकर गोली मारने का आरोप
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, आदित्य के घर पहुंचने के बाद विवाद हुआ और इसी दौरान उस पर गोली चला दी गई। गोली लगने से आदित्य गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक पर भी फायरिंग किए जाने का आरोप है, जो किसी तरह मौके से बचकर निकल गया।
घायल आदित्य को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर लकी उर्फ रोहित, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।
भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे के अनुसार, देर रात दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गोली लगने से आदित्य राणा की मौत हुई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
घटना के बाद प्रताप कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
