हरिद्वार। फर्जी हॉलमार्किंग की शिकायत मिलने पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने उत्तराखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित दो आभूषण प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। बीआईएस की देहरादून शाखा की टीम ने जहांगीर और बादशाह ज्वैलर्स में गहन जांच की। इस दौरान हॉलमार्किंग से जुड़े उपकरणों, दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई तथा एक कटिंग मशीन को तकनीकी परीक्षण और विस्तृत जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया।
बीआईएस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम-2016 एवं उससे संबंधित नियमों के तहत की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बीआईएस देहरादून के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो देशभर में हॉलमार्किंग प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहा है। उन्होंने सभी ज्वैलर्स से अपील की कि वे केवल बीआईएस से अधिकृत हॉलमार्किंग केंद्रों के माध्यम से ही स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग कराएं तथा सभी कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करें।
BIS Care App में नई सुविधा
संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने बताया कि 1 जून 2026 से BIS Care App में उपभोक्ताओं के लिए नई सुविधा शुरू की गई है। अब ग्राहक किसी भी स्वर्ण आभूषण के छह अंकों वाले HUID (Hallmark Unique Identification) नंबर को ऐप पर सत्यापित कर संबंधित आभूषण की तस्वीर और वजन भी देख सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित करना आसान हो गया है कि खरीदा जा रहा आभूषण उसी HUID से प्रमाणित है या नहीं।
खरीदारी से पहले HUID अवश्य जांचें
बीआईएस ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्वर्ण आभूषण खरीदने से पहले BIS Care App पर छह अंकों वाले HUID नंबर की जांच अवश्य करें और ऐप में प्रदर्शित तस्वीर एवं वजन का वास्तविक आभूषण से मिलान करें। यदि किसी प्रकार की असंगति या संदेह हो तो इसकी सूचना तुरंत भारतीय मानक ब्यूरो को दें।
बीआईएस का कहना है कि यह सत्यापन प्रक्रिया फर्जी हॉलमार्किंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को धोखाधड़ी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि हॉलमार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।
