हरिद्वार कांवड़ मेले के पहले दिन बड़ा हादसा: बीच बाजार धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला

हरिद्वार | दून वैली टाइम्स

धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले के पहले ही दिन सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। शहर के ललतारौ पुल के पास बीच बाजार में अचानक सड़क धंस गई, जिससे वहां से गुजर रही एक महिला गहरे गड्ढे में जा गिरी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह कांवड़ मेले के चलते बाजार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान महिला अपने परिजनों के साथ बाजार से गुजर रही थी। जैसे ही उसने होटल के सामने सड़क पर कदम रखा, अचानक जमीन धंस गई और वह मिट्टी समेत गहरे गड्ढे में जा गिरी। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ पल के लिए घबरा गए।

हालांकि, महिला के गिरते ही उसके परिजन और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण और रखरखाव की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। कांवड़ मेले जैसे बड़े आयोजन के दौरान इस तरह की घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर भी कई प्रश्न खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में सड़कों और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की पहले से गहन जांच होनी चाहिए थी ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

About The Author