अवैध प्लॉटिंग पर MDDA का बड़ा एक्शन, 60-65 बीघा जमीन पर चला बुलडोजर; दो प्रतिष्ठान सील

डोईवाला क्षेत्र में पांच स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई, अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रखने की चेतावनी

देहरादून। अवैध प्लॉटिंग और नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने डोईवाला क्षेत्र में पांच अलग-अलग स्थानों पर करीब 60 से 65 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही दो स्थानों पर अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया।

यह कार्रवाई MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देशों पर की गई। प्राधिकरण की टीम ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में विकसित की जा रही कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

इन पांच स्थानों पर हुई कार्रवाई

MDDA की टीम ने घिसरपट्टी में राजू, बाबू, रोशन और मुकुल तोमर द्वारा विकसित की जा रही प्लॉटिंग पर कार्रवाई की। वहीं, बुल्लावाला मार्ग पर बीएसएफ हाउस के निकट इमरान एवं अन्य की प्लॉटिंग को भी ध्वस्त किया गया।

इसके अतिरिक्त भगत सिंह कॉलोनी में बलदेव सिंह की प्लॉटिंग तथा काम्बोज कॉलोनी में नत्थी सिंह, यशपाल, हेमंत पंचोली एवं अन्य द्वारा विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया।

दो प्रतिष्ठानों को किया सील

अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही MDDA ने अनधिकृत व्यावसायिक निर्माण पर भी सख्ती दिखाई। मैगी प्वाइंट में जगदीश चौहान द्वारा किए गए अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया।

वहीं, पुरुकुल रोड स्थित ईडन वेलनेस एंड हॉस्पिटेलिटी में संजीव बोहरा द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माण पर भी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।

सुनियोजित विकास से समझौता नहीं: MDDA

MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि देहरादून में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

About The Author