गरुड़ में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, भतीजे ने लोहे की रॉड से पीटकर चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के गरुड़ विकासखंड में एक दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरगवाड़ी गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही सगे चाचा और चाची की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।

लोहे की रॉड से किया जानलेवा हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरगवाड़ी गांव में देर रात आरोपी युवक ने अपने चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक महिला ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। वारदात की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित

दोहरी हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। बैजनाथ कोतवाली प्रभारी कैलाश नेगी के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

गांव में दहशत, हत्या के कारणों की जांच

अपने ही सगे चाचा-चाची की हत्या की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।

About The Author