जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं त्रुटिरहित जनगणना के निर्देश

देहरादून, 16 सितंबर 2026।
जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर देहरादून नगर निगम सभागार में चार्ज अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी गई।

जनगणना-2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना की जाएगी। जनगणना को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

जनगणना देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य: जिलाधिकारी

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने चार्ज अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण, नीतिगत निर्णयों तथा संसाधनों के समुचित नियोजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कार्य है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। प्रत्येक स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

तकनीकी माध्यमों का होगा व्यापक उपयोग

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना में तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों की संख्या लगभग 40 निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की अवधि निर्धारित है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वगणना के संबंध में आमजन को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए और लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वगणना के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ने से आगामी 01 दिसंबर से प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य अधिक सुगमता से संपन्न कराया जा सकेगा।

अभी से तैयार करें विस्तृत कार्ययोजना

जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना-2027 के लिए अभी से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। जनगणना से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट की जाएं।

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को नियमित समीक्षा एवं निगरानी के माध्यम से समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

23 चार्ज अधिकारियों सहित कार्मिकों ने लिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने जनगणना-2027 से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

दो दिवसीय प्रशिक्षण में 23 चार्ज अधिकारी, 23 सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं जनगणना से जुड़े अन्य कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान भी किया गया।

इस अवसर पर जनगणना के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी इनायत सिद्दीकी, जनगणना निदेशालय के प्रशिक्षक प्रदीप यादव एवं कुलदीप चौहान सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

About The Author