गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में टेका मत्था, स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान
ऊधमसिंह नगर , 5 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होकर स्वयं श्रमदान किया।
मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं, इसलिए धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के साथ ही बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान अथवा कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे निरंतर जनभागीदारी से आगे बढ़ाना होगा। प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान देकर स्वच्छ और सुंदर उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ में सेवा और जनभागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
