ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खकरा नदी में एक मगरमच्छ ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर उसे पानी में खींच लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नानकमत्ता क्षेत्र के देवकली सलामत गांव निवासी भजन कौर (70 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय महेंद्र सिंह शुक्रवार शाम रोजमर्रा के कार्य से खकरा नदी के किनारे गई थीं। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते मगरमच्छ महिला को पानी में खींचकर ले गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए वन विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के बाद देर रात महिला का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मगरमच्छ के हमले से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
मृतका अपने पीछे चार विवाहित बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार वन्यजीव हमले में मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं मुआवजा मृतका के परिजनों को प्रदान किया जाएगा।
ग्रामीणों ने खकरा नदी क्षेत्र में मगरमच्छों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
नानकमत्ता की खकरा नदी में मगरमच्छ का आतंक, 70 वर्षीय महिला को बनाया निवाला




