AI से बनाया ADG का डांस वीडियो, फर्जी ‘उत्तराखंड पुलिस’ अकाउंट चलाने वाला युवक गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस का प्रतिरूपण कर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाने और एआई (Artificial Intelligence) तकनीक का दुरुपयोग कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का भ्रामक वीडियो वायरल करने वाले एक युवक को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम पर “Uttarakhand_police__112” नाम से संचालित एक फर्जी अकाउंट के माध्यम से उत्तराखंड पुलिस की पहचान का दुरुपयोग किया जा रहा था। इसी अकाउंट से एआई/डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (एडीजी) का भ्रामक डांस वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था, जिससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होने की आशंका थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों से तकनीकी जानकारी जुटाई। डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर साइबर पुलिस टीम ने क्लेमेन्टाउन क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की वर्दी पहनकर बनाता था वीडियो

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी और एआई तकनीक की मदद से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का परिवर्तित वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर फोटो और वीडियो भी बनाता था ताकि लोगों पर प्रभाव जमा सके और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल कर सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान के साथ-साथ आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास कर रहा था।

मोबाइल से मिले अहम डिजिटल साक्ष्य

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें संबंधित फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट लॉग-इन मिला। मोबाइल की जांच में एआई जनरेटेड वीडियो, पुलिस वर्दी में खींची गई तस्वीरें तथा फर्जी पुलिस पहचान पत्र की फोटो भी बरामद हुई हैं। इसके अलावा आरोपी के घर से उत्तराखंड पुलिस की वर्दी से मिलते-जुलते कपड़े और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस ने सभी डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।

20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

साइबर क्राइम पुलिस ने क्लेमेन्टाउन निवासी 20 वर्षीय लुकमान मलिक पुत्र इकबाल मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ लोक सेवक का प्रतिरूपण, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालन तथा एआई तकनीक के दुरुपयोग से भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author