रुद्रपुर/देहरादून। उत्तराखंड STF ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट के मास्टरमाइंड सदानंद शर्मा को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। शाहजहांपुर निवासी आरोपी को 23 जून 2026 को रुद्रपुर क्षेत्र से दबोचा गया। जांच में खुलासा हुआ कि फर्जी और कूटरचित हथियार लाइसेंसों के कारोबार से उसके बैंक खाते में करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये पहुंचे थे।
STF के अनुसार आरोपी पहले भी गाजियाबाद और शाहजहांपुर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामलों में जेल जा चुका है। राज्य में चल रही विशेष जांच के दौरान अब तक 14 अवैध हथियार, 355 जिंदा कारतूस और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं। इस मामले में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 3 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत STF की यह कार्रवाई राज्य में अवैध हथियारों और फर्जी लाइसेंस नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।




