उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश का खतरा, कई जिलों के लिए IMD का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

Listen to this article

पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का भी खतरा

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का कहर लगातार जारी है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार, 11 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बना हुआ है।

देहरादून का मौसम

राजधानी देहरादून में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

About The Author